Thursday, 10 September 2026
Punjab
फाजिल्का पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 36 हजार प्रेगाबालिन कैप्सूल सहित दो आरोपी गिरफ्तार
फाजिल्का: नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फाजिल्का पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीआईए फाजिल्का टीम ने एक कार से 36,000 प्रेगाबालिन कैप्सूल और 20 नशीली गोलियां बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बरामद कार को भी कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को इंस्पेक्टर सुनील कुमार, प्रभारी सीआईए फाजिल्का की निगरानी में एसआई कुलवंत सिंह पुलिस पार्टी के साथ गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इस दौरान टीम दाना मंडी फाजिल्का में मौजूद थी।
जब पुलिस पार्टी दाना मंडी के शेड के पास पहुंची तो वहां सफेद रंग की एक हुंडई ऑरा कार, नंबर PB-01D-9247, खड़ी मिली। कार के पास खड़े दो युवकों को शक के आधार पर पुलिस ने काबू कर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान संजय उर्फ सन्नी, पुत्र हरी चंद, निवासी ओडांवाली बस्ती फाजिल्का और मनप्रीत सिंह उर्फ मनू, पुत्र बुद्ध प्रकाश, निवासी घटियांवाली के रूप में हुई।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो पिछली सीट पर खाकी रंग के चार कार्टन रखे मिले। जांच के दौरान कार्टनों से 36 हजार प्रेगाबालिन कैप्सूल और 20 नशीली गोलियां बरामद की गईं।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी फाजिल्का में मुकदमा नंबर 186, दिनांक 9 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22, 29/61/85 तथा बीएनएस की धारा 223 लगाई गई है। पुलिस आरोपियों के पिछले रिकॉर्ड और नशा तस्करी से जुड़े आगे-पीछे के संपर्कों की जांच कर रही है।
आरोपियों की पहचान
-
संजय उर्फ सन्नी पुत्र हरी चंद, निवासी ओडांवाली बस्ती फाजिल्का, उम्र करीब 37 वर्ष।
-
मनप्रीत सिंह उर्फ मनू पुत्र बुद्ध प्रकाश, निवासी घटियांवाली, उम्र करीब 22 वर्ष।
बरामदगी
-
36,000 प्रेगाबालिन कैप्सूल
-
20 नशीली गोलियां
-
एक हुंडई ऑरा कार
