Thursday, 17 September 2026
Punjab
Fazilka , Abohar News-:फाजिल्का-अबोहर पुलिस की कार्रवाई: नशीली गोलियां बरामद, तार चोरी और मारपीट सहित कई मामले दर्ज
फाजिल्का/अबोहर। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने नशे से जुड़े मामलों, बिजली की तार चोरी और मारपीट की शिकायत पर केस दर्ज किए हैं। पुलिस ने सभी मामलों में आगे की जांच शुरू कर दी है।
18 नशीली गोलियों के साथ एक व्यक्ति काबू
थाना वैरोके पुलिस ने दाना मंडी नहर पुल के पास से एक व्यक्ति को काबू कर उसके पास से 18 लोमोटिल नशीली गोलियां बरामद करने का दावा किया है। जांच अधिकारी हवलदार पायल बजाज के अनुसार, गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर हाथ में पकड़ा काला लिफाफा फेंककर जाने लगा। तलाशी लेने पर कुलवंत सिंह निवासी चक्क बलोचां उर्फ महालम के पास से गोलियां बरामद हुईं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 22/61/85 के तहत मामला दर्ज किया है।
पावर तार चोरी के आरोप में दो पर केस
थाना वैरोके पुलिस ने गांव काठगढ़ में एक कंपनी के टावर से पावर तार चोरी होने के मामले में दो व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। सहायक थानेदार मुख्तियार सिंह के अनुसार, शिकायतकर्ता एवं सुपरवाइजर सतनाम सिंह ने आरोप लगाया कि टावर से करीब 32 हजार रुपये मूल्य की पावर तार चोरी की गई है। पुलिस ने बिट्टू नाथ और जोत नाथ, दोनों निवासी अरनीवाला जोगिया वाला मोहल्ला, के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 317(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
हेरोइन सेवन के आरोप में मामला दर्ज
थाना सिटी जलालाबाद पुलिस ने गोविंद नगरी के सामने खाली प्लॉटों के पास से एक व्यक्ति को काबू कर हेरोइन सेवन से संबंधित सामग्री बरामद करने का दावा किया है। सहायक थानेदार सुनील कुमार के अनुसार, बलविंदर सिंह निवासी गांव कमरे वाला के पास से सिल्वर पन्नी, लाइटर और 10 रुपये का नोट बरामद हुआ। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 27/61/85 के तहत केस दर्ज किया है।
अबोहर में डोप टेस्ट पॉजिटिव आने पर दो अलग-अलग मामले दर्ज
थाना सिटी-2 अबोहर पुलिस ने कंधवाला रोड के पास से एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में काबू किया। पुलिस के अनुसार, दीपक कुमार उर्फ दीपू निवासी मोहल्ला चंडीगढ़ का सिविल अस्पताल अबोहर में कराया गया डोप टेस्ट पॉजिटिव आया, जिसके बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 27/61/85 के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसी प्रकार थाना बहाववाला पुलिस ने कलर क्षेत्र में एक युवक को काबू किया। पुलिस के अनुसार, संदीप कुमार निवासी कलर का डोप टेस्ट पॉजिटिव आने पर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 27/61/85 के तहत केस दर्ज किया गया है।
मारपीट के आरोप में तीन पर पर्चा
थाना बहाववाला पुलिस ने गांव वजीदपुर भोमा निवासी नवजोत सिंह की शिकायत पर तीन व्यक्तियों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि 13 सितंबर की शाम वह कार से ढाणी की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में उन्हें रोका गया और मारपीट की गई। पुलिस ने सुरिंदर सिंह, रणवीर सिंह और नगीना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2) और 118(1) के तहत केस दर्ज किया है।
नशे की हालत में मिलने के आरोप में दो पर कार्रवाई
थाना सदर अबोहर पुलिस ने सरदारपुरा क्षेत्र में गश्त के दौरान दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में काबू किया। पुलिस के अनुसार, सुखदेव सिंह और राकेश, दोनों निवासी सरदारपुरा, के डोप टेस्ट पॉजिटिव आने पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 27/61/85 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सभी मामलों में पुलिस की जांच जारी है। आरोपों की पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही होगी।