Friday, 25 September 2026
Punjab
Fazilka News-:फाजिल्का में अस्पताल के बाहर युवक पर हमला: पत्नी को जूस लेने आए थे, धारदार हथियारों से किए वार; गंभीर हालत में फरीदकोट रेफर
फाजिल्का, फाजिल्का के कैंट रोड स्थित निजी अस्पताल के बाहर पत्नी के लिए जूस लेने आए गांव सजराना निवासी सुनील सिंह पर गाड़ी में सवार कुछ लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में उसके हाथ और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे फरीदकोट रेफर कर दिया गया।
घायल के चाचा जोगिंदर सिंह ने बताया कि सुनील के घर बच्चे का जन्म हुआ है और उसकी पत्नी बाला जी अस्पताल में भर्ती है। वह उसके लिए जूस लेने बाहर आया था। इसी दौरान आरोपियों ने घेरकर हमला कर दिया। वारदात में उसका एक हाथ बुरी चोटिल हो गया और सिर पर भी चोट लगी।
लोगों ने सुनील को सरकारी अस्पताल पहुंचाया
आसपास मौजूद लोगों ने सुनील को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस अधिकारी रुपिंदर सिंह ने बताया कि 112 पर शिकायत मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान, हमले के कारण और वारदात में इस्तेमाल हथियारों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।