Thursday, 17 September 2026
Punjab
Fazilka News फाजिल्का में पारिवारिक विवाद के दौरान फायरिंग, महिला के पैर में गोली लगने का आरोप
फाजिल्का। जिले के ढाणी मोहना राम में पारिवारिक विवाद के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई है। इस दौरान एक महिला के पैर में गोली लगने की सूचना है। घायल महिला को फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से उसकी हालत को देखते हुए उसे फरीदकोट रेफर कर दिया गया।
पीड़ित महिला परमजीत कौर ने आरोप लगाया कि उनका 22 वर्षीय बेटा अपने साथियों के साथ घर पहुंचा और परिवार पर फायरिंग की। उन्होंने बताया कि घटना में गोली उनके पैर में लगी। महिला ने पुलिस से बेटे और उसके साथियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
महिला के अनुसार, परिवार में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उनका आरोप है कि बेटा पहले भी पारिवारिक जमीन का कुछ हिस्सा बेच चुका है और अब शेष जमीन बेचने का प्रयास कर रहा था। परिवार के सदस्य इसका विरोध कर रहे थे, जिसके कारण रंजिश बढ़ गई।
परमजीत कौर ने आरोप लगाया कि उनका बेटा उन्हें जान से मारने की धमकियां भी देता रहा है। उन्होंने कहा कि घटना के समय उनका बड़ा बेटा घर पर मौजूद नहीं था।
महिला के भाई बलविंदर सिंह ने बताया कि परिवार के पास करीब सवा एकड़ जमीन थी, जिसमें से करीब पांच कनाल जमीन बेची जा चुकी है। उन्होंने कहा कि परिवार के लोग बची हुई जमीन बेचने का विरोध कर रहे थे और पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला के बेटे समेत करीब 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में आरोपों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।