Sunday, 18 October 2026
Punjab
Fazilka News-:गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू के खिलाड़ियों का 70वीं अंतर जिला पंजाब स्कूल खेलों में शानदार प्रदर्शन
खिलाड़ियों की उपलब्धि उनकी मेहनत और लगन का परिणाम: मैडम लखविंद्र कौर बराड़
फाजिल्का: पंजाब सरकार एवं खेल विभाग की ओर से करवाए जा रहे ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां-2026’ के तहत गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में 70वीं अंतर जिला पंजाब स्कूल खेलों के अंतर्गत वुशू मुकाबले करवाए गए। इन मुकाबलों में मेजबान स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए स्कूल के डीपी मोहित सर ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-17 आयु वर्ग के लड़कों और लड़कियों ने हिस्सा लिया। वुशू मुकाबलों में गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू के खिलाड़ी अरुण ने 52 किलोग्राम भार वर्ग में सिल्वर मेडल हासिल किया, जबकि तनवीर ने 56 किलोग्राम और नितीश कुमार ने 80 किलोग्राम भार वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।
इस मौके पर स्कूल की मैनेजिंग कमेटी की सदस्य मैडम लखविंद्र कौर बराड़ ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और संघर्ष करने की भावना विकसित करते हैं। खिलाड़ियों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत और लगन का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी भविष्य में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन कर स्कूल और जिले का नाम रोशन करेंगे। मैनेजिंग कमेटी के सदस्य एडवोकेट मनिंद्र सिंह सरां ने कहा कि खेलों में सफलता हासिल करने के लिए निरंतर अभ्यास, दृढ़ संकल्प और सही मार्गदर्शन बेहद जरूरी है। खिलाड़ियों ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
स्कूल के प्रिंसिपल अभिलेख शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर पूरे विद्यालय को गर्व है। उन्होंने खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि स्कूल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलों को विशेष महत्व देता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि खिलाड़ी आगे भी अपनी मेहनत और लगन से नई उपलब्धियां हासिल करेंगे। इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन और स्टाफ ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।