Sunday, 18 October 2026
Punjab
Fazilka News-:जीनियस कॉन्वेंट स्कूल में स्वास्थ्य जागरूकता की पहल, श्री सुमित नारंग ने विद्यार्थियों को मलेरिया एवं डेंगू से बचाव के प्रति किया जागरूक
जीनियस कॉन्वेंट स्कूल, कटैहडा में आज विद्यार्थियों को मलेरिया एवं डेंगू जैसी मच्छर जनित बीमारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को इन बीमारियों के लक्षणों, बचाव के उपायों तथा समय पर उचित उपचार के महत्व से अवगत करवाना था।
इस अवसर पर एमपीएचडब्ल्यू विभाग से पधारे श्री सुमित नारंग जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मलेरिया एवं डेंगू के लक्षणों, कारणों, बचाव और उपचार के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द और कमजोरी जैसी समस्याएँ इन बीमारियों के लक्षण हो सकती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने, पानी जमा न होने देने, कूलर एवं पानी की टंकियों की नियमित सफाई करने तथा मच्छरों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियाँ अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी समझाया कि बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री राघव सपडा जी ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और स्वच्छता की आदतें अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे मलेरिया एवं डेंगू से बचाव के उपायों को अपने दैनिक जीवन में अपनाएँ और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि छोटी-छोटी सावधानियाँ अपनाकर इन बीमारियों के फैलाव को रोकने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
यह जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को बीमारियों से बचाव, स्वच्छता और समय पर चिकित्सा सहायता लेने के महत्व के बारे में उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।
इस मौके पर स्कूल प्रबंधन ने श्री सुमित नारंग जी का बहुमूल्य जानकारी साझा करने तथा विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए आभार व्यक्त किया।