Sunday, 18 October 2026
Punjab
Fazilka News-:ममता लाधूका बनीं पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन की जिला प्रधान
फाजिल्का। पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन की जिला इकाई फाजिल्का की बैठक आयोजित की गई। इसमें फाजिल्का जिले के प्रधान कमलजीत मुहारखीवाला को विदाई देते हुए ममता लाधूका को नया जिला प्रधान नियुक्त किया गया। इस मौके पर परमिंदर झोटे को इंसाफ दिलाने के लिए 19 अक्टूबर को आम आदमी पार्टी के विधायक को लानत पत्र देने के आह्वान पर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के शामिल होने का फैसला किया गया। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी सरकार के पोस्टर फाड़ने के मामले में पंजाब पुलिस द्वारा पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन की प्रदेश नेता हरवीर कौर गंधड़ और नौजवान भारत सभा के प्रदेश वित्त सचिव नौनीहाल सिंह दीप सिंह वाला के खिलाफ मामला दर्ज करने की निंदा की गई।
प्रेस बयान जारी करते हुए पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन के महासचिव धीरज फाजिल्का ने कहा कि परमिंदर झोटे के हत्या मामले में पंजाब सरकार के खिलाफ लोगों का रोष बड़े स्तर पर देखने को मिला है। पंजाब सरकार लगातार लोगों के इस एकजुटता और जनरोष को दबाने में लगी हुई है, लेकिन पंजाब के लोग पुलिस, राजनीतिक नेताओं और नशा तस्करों के गठजोड़ को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार एक तरफ नशे खत्म करने के खोखले दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर पंजाब में ऐसी घटनाओं का होना सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। पंजाब सरकार नशों के खिलाफ चल रहे इस आंदोलन को दबाने के लिए संघर्ष कर रहे लोगों पर झूठे मामले दर्ज कर रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में नशों के बढ़ते कारोबार को रोकने में नाकाम रही आम आदमी पार्टी सरकार के पोस्टर फाड़ने के मामले में पंजाब पुलिस द्वारा पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन की प्रदेश नेता हरवीर कौर गंधड़ और नौजवान भारत सभा के प्रदेश वित्त सचिव नौनीहाल सिंह दीप सिंह वाला के खिलाफ मामला दर्ज करना बेहद निंदनीय है। पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन इस कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करती है और दर्ज मामले को तुरंत रद्द करने की मांग करती है।
यूनियन ने मांग की कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब के डीजीपी इस्तीफा दें तथा नशों के कारोबार को खत्म करने के लिए सरकार ठोस और प्रभावी कदम उठाए। संगठन ने स्पष्ट किया कि लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और पंजाब की जवानी को नशों से बचाने के मुद्दे पर संघर्ष जारी रहेगा।
इस मौके पर कमलजीत मुहारखीवाला, ममता लाधूका, दिलकरण रतनपुरा, जसविंदर लाधूका और प्रवीण झोक सहित जिला कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।