ePaper Reading mode

Punjab Patrika ePaper

Monday, 12 October 2026

Fazilka News-: युवा पीढ़ी को नशे से बचाने का संकल्प, जीनियस कॉन्वेंट स्कूल ने चलाया जागरूकता अभियान

Fazilka News-: युवा पीढ़ी को नशे से बचाने का संकल्प, जीनियस कॉन्वेंट स्कूल ने चलाया जागरूकता अभियान

कटैहड़ा। युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जीनियस कॉन्वेंट स्कूल, कटैहड़ा द्वारा गाँव कटैहड़ा में नशा विरोधी जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के गंभीर परिणामों से अवगत करवाना तथा युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

रैली में विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने नारों और जागरूकता संदेशों के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती कविता सपडा ने अपने संबोधन में कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को बुरी तरह प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं को गलत संगति से दूर रहने तथा अपने जीवन में सकारात्मक लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों को नशे से बचाने के लिए अभिभावकों, शिक्षकों और समाज को मिलकर प्रयास करने चाहिए।

 

 

विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री राघव सपडा ने कहा कि नशे की समस्या को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास और जागरूकता अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, अपनी ऊर्जा को शिक्षा एवं रचनात्मक गतिविधियों में लगाने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। उन्होंने स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी पर भी बल दिया।

इस जागरूकता अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के विरुद्ध एकजुट होने तथा युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए सहयोग करने का संदेश दिया गया। जीनियस कॉन्वेंट स्कूल, कटेहरा की यह पहल सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास रही।