Thursday, 10 September 2026
Punjab
जिला स्तरीय वुशु टूर्नामेंट में गॉडविन स्कूल का शानदार प्रदर्शन, खिलाड़ियों ने जीते 7 स्वर्ण व 1 रजत पदक
फाजिल्का: गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और शानदार खेल प्रदर्शन का लोहा मनवाते हुए जिला स्तरीय स्कूल वुशु टूर्नामेंट में शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं। खुइयांसरवर स्थित इंपीरियल इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित इस टूर्नामेंट में विद्यालय के खिलाड़ियों ने अंडर-17 आयु वर्ग में विभिन्न भार वर्गों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सात स्वर्ण पदक और एक रजत पदक अपने नाम किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है और स्कूल प्रबंधन, अध्यापकों व अभिभावकों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी है।
इस बारे विद्यालय के डीपी मोहित सर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय स्कूल वुशु टूर्नामेंट में अंडर-17 आयु वर्ग के तहत गॉडविन पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में आदित्य ने 45 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक, अरुण ने 52 किलोग्राम में स्वर्ण पदक, तनवीर ने 56 किलोग्राम में स्वर्ण पदक, गुरविंदर ने 48 किलोग्राम में रजत पदक, नितीश ने 80 किलोग्राम में स्वर्ण पदक, कविता ने 45 किलोग्राम में स्वर्ण पदक, सिमरन ने 52 किलोग्राम में स्वर्ण पदक तथा जस्मीन कंबोज ने 70 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया।
इस मौके पर मैनेजिंग कमेटी मैंबर मैडम लखविंद्र कौर बराड़ ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। विद्यालय के विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, जो उनके अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन विद्यार्थियों को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सुविधाएं और प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मैनेजिंग कमेटी मैंबर एडवोकेट मनिंद्र सिंह सरां ने कहा कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा हासिल की गई यह सफलता पूरे विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और खेल भावना के दम पर विद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेंगी।
प्रिंसिपल अभिलेख शर्मा ने खिलाड़ियों और डीपी मोहित को इस शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी अपनी प्रतिभा निखारने के लिए निरंतर प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनके समर्पण और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें।