ePaper Reading mode

Punjab Patrika ePaper

Tuesday, 15 September 2026

जलालाबाद के पांच निजी स्कूलों को बम धमाके की धमकी वाला ई-मेल, प्रशासन ने कराई छुट्टी

जलालाबाद के पांच निजी स्कूलों को बम धमाके की धमकी वाला ई-मेल, प्रशासन ने कराई छुट्टी

जलालाबाद। जलालाबाद क्षेत्र के पांच प्रमुख निजी स्कूलों को सोमवार, 15 सितंबर को बम धमाके की धमकी वाला ई-मेल मिलने की सूचना के बाद पुलिस और नागरिक प्रशासन सतर्क हो गया। एहतियात के तौर पर संबंधित स्कूलों में छुट्टी कराकर विद्यार्थियों और स्टाफ को सुरक्षित घर भेजा गया। इसके बाद स्कूल परिसरों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, विभिन्न स्कूलों की ओर से शिकायत दी गई कि उन्हें एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ है। ई-मेल में दोपहर 1:11 बजे स्कूल परिसर में विस्फोट की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने नागरिक प्रशासन और एसडीएम कार्यालय के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा प्रबंध लागू किए।

प्रशासन ने किसी भी संभावित जोखिम को देखते हुए पहले विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित की। बाद में एंटी-साबोटेज टीमों और बम निरोधक दस्तों को स्कूल परिसरों में भेजा गया, जहां गहन जांच और तलाशी की गई।

अधिकारी ने बताया कि धमकी वाले ई-मेल की सूचना नवीन मॉडल स्कूल, डीएवी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, एसबीएम और पेंसिया स्कूल समेत कुल पांच शिक्षण संस्थानों को मिली है। सभी स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है और जांच जारी है।

ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल की टीम तकनीकी जांच में जुटी है। पुलिस ई-मेल आईडी, उसके स्रोत और संबंधित डिजिटल विवरणों की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और पुष्टि होने के बाद ही कोई निष्कर्ष निकाला जाएगा।

पुलिस ने विद्यार्थियों के अभिभावकों और शहरवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और संदिग्ध वस्तु या किसी भी महत्वपूर्ण सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।

थाने पर हाल में हुए ग्रेनेड हमले के संबंध में पूछे जाने पर पुलिस अधिकारी ने कहा कि उस मामले में 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था और उनके अन्य संपर्कों की जांच जारी है। हालांकि, स्कूलों को मिले ई-मेल का उस घटना से कोई संबंध अभी तक स्थापित नहीं हुआ है। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।