ePaper Reading mode

Punjab Patrika ePaper

Sunday, 04 October 2026

क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में मौजम की टीम विजेता, बाधा रही उपविजेता

क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में मौजम की टीम विजेता, बाधा रही उपविजेता

फाजिल्का। फाजिल्का के वार्ड नंबर 25 में आयोजित दो दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का शानदार समापन हो गया। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में मौजम और बाधा की टीमों के बीच रोमांचक भिड़ंत देखने को मिली। शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मौजम की टीम ने बाजी मारते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि बाधा की टीम उपविजेता रही। फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ प्रदर्शन किया। मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन ने मैदान में मौजूद खेल प्रेमियों का उत्साह बढ़ाए रखा।

विजेता टीम को 21 हजार रुपये की सम्मान राशि

टूर्नामेंट के समापन अवसर पर सरपंच यूनियन के प्रधान संदीप सिंह भट्टी ने विजेता टीम मौजम को 21 हजार रुपये की सम्मान राशि और चमचमाती ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, उपविजेता बाधा की टीम को भी पुरस्कार देकर खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की गई। इस अवसर पर संदीप सिंह भट्टी ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ना एक सराहनीय प्रयास है। ऐसे खेल आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर

समापन समारोह में मौजूद अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मौजूद खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करते हैं। इस मौके पर सुखा चेयरमैन, हरजीत सरपंच, सोनू सरपंच, बलजिंदर सरपंच, देस राज, डॉ. जगिंदर, बचन सिंह और छिंदा सरपंच सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति विशेष रूप से मौजूद रहे। उपस्थित अतिथियों ने भविष्य में भी युवाओं के लिए ऐसे खेल आयोजन निरंतर करवाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

।