ePaper Reading mode

Punjab Patrika ePaper

Thursday, 10 September 2026

खेडां वतन पंजाब दियां 2026 के तहत फाजिल्का में ब्लॉक स्तरीय खेल मुकाबले शुरू

खेडां वतन पंजाब दियां 2026 के तहत फाजिल्का में ब्लॉक स्तरीय खेल मुकाबले शुरू

फाजिल्का- पंजाब सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने, खेल स्तर को ऊंचा उठाने तथा भाईचारे और सद्भावना को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में खेल विभाग पंजाब के निर्देशों पर खेडां वतन पंजाब दियां 2026 के तहत फाजिल्का जिले में ब्लॉक स्तरीय खेल मुकाबलों की शुरुआत करवाई गई।

जिला खेल अधिकारी रूपिंदर सिंह बराड़ ने बताया कि पहले दिन ब्लॉक फाजिल्का, अबोहर और खुईयां सरवर में खेल मुकाबले आयोजित किए गए। इन तीनों ब्लॉकों में प्रतियोगिताएं 12 सितंबर 2026 तक जारी रहेंगी।

उन्होंने बताया कि 13 सितंबर से 15 सितंबर 2026 तक ब्लॉक जलालाबाद और अर्नीवाला शेख सुभान में खेल मुकाबले करवाए जाएंगे। इन प्रतियोगिताओं में अंडर-14 आयु वर्ग से लेकर 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग तक के लड़के, लड़कियां, महिलाएं और पुरुष भाग ले सकते हैं।

प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी (नेशनल स्टाइल), कबड्डी (सर्कल स्टाइल), खो-खो, वालीबॉल स्मैशिंग और वालीबॉल शूटिंग के मुकाबले करवाए जाएंगे।

जिला खेल अधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाला खिलाड़ी पंजाब का निवासी होना चाहिए अथवा पंजाब के किसी शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत होना चाहिए। इसके प्रमाण के लिए रिहायशी प्रमाणपत्र, पंजाब का आधार कार्ड या संबंधित शिक्षण संस्थान का पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि टूर्नामेंट में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को बस किराया नहीं दिया जाएगा। खेल स्थलों और कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी जिला प्रशासन फाजिल्का की आधिकारिक वेबसाइट fazilka.nic.in पर उपलब्ध है।

ब्लॉक स्तरीय टूर्नामेंट से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला खेल कार्यालय के वरिष्ठ सहायक जतिंदर सिंह से मोबाइल नंबर 98887-88785 पर संपर्क किया जा सकता है।