ePaper Reading mode

Punjab Patrika ePaper

Tuesday, 15 September 2026

मांगें न माने जाने पर रेवेन्यू पटवार यूनियन का काम ठप करने का ऐलान, 16 सितंबर को तहसील स्तर पर धरना

मांगें न माने जाने पर रेवेन्यू पटवार यूनियन का काम ठप करने का ऐलान, 16 सितंबर को तहसील स्तर पर धरना

फाजिल्का, 14 सितंबर। द रेवेन्यू पटवार यूनियन फाजिल्का की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला प्रधान कुलदीप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में यूनियन पदाधिकारियों के अलावा पूर्व अधिकारी, सेवानिवृत्त पटवारी, कानूनगो और राजस्व अधिकारी शामिल हुए।

जिला महासचिव बलराज सिंह बाठ ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि 9 सितंबर 2026 को लुधियाना में हुई राज्य स्तरीय बैठक में सर्वसम्मति से लिए गए निर्णयों के अनुरूप आगामी संघर्ष की रणनीति तय की गई है। यूनियन का कहना है कि सरकार और प्रशासन पटवारियों की तीन प्रमुख मांगों पर लगातार कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

यूनियन की मुख्य मांगों में 17 जुलाई 2020 के बाद भर्ती हुए पटवारियों के वेतन में वृद्धि, स्टेट कैडर व्यवस्था को रद्द करना तथा पटवारियों के 4,716 पद बहाल कर पदों की संख्या बढ़ाना शामिल है।

मांगों पर समाधान न होने के विरोध में यूनियन ने लाल लकीर और एग्री स्टैक फार्मर आईडी वेरिफिकेशन का कार्य अनिश्चितकाल के लिए बंद करने का फैसला किया है। यूनियन के अनुसार, राशन कार्ड वेरिफिकेशन में पटवारी केवल जमीन संबंधी रिपोर्ट ही तैयार करेंगे।

यूनियन ने घोषणा की कि 16 सितंबर 2026, बुधवार को सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक तहसील स्तर पर धरना दिया जाएगा। पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सरकार आंदोलन को दबाने के लिए कोई कार्रवाई करती है, तो संगठन तत्काल प्रभाव से कलम छोड़ हड़ताल करने पर विचार करेगा।

बैठक में राज्य उपाध्यक्ष बलदेव सिंह, जिला खजांची आशीष कुमार, तहसील प्रधान फाजिल्का अमनजोत सिंह, तहसील प्रधान जलालाबाद वरिंदर कुमार कालड़ा, तहसील प्रधान अबोहर मनप्रीत सिंह, जिला पूर्व प्रधान कानूनगो एसोसिएशन चंद्र कुमार, प्रेम प्रकाश, प्यारा सिंह और पूर्व जिला प्रधान परमजीत सिंह समेत कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।