Sunday, 04 October 2026
Punjab
Punjab News:-पंजाब में AAP ने अपने MLA को पार्टी से निकाला:पार्टी विरोधी एक्टिविटीज का आरोप
पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) ने बठिंडा जिले की मौड़ विधानसभा सीट के अपने विधायक सुखवीर सिंह माइसरखाना को सस्पेंड कर दिया है। उन पर पार्टी विरोधी एक्टिविटीज का आरोप है। उन्हें अनुशासनहीनता और झूठ बोलकर पार्टी को बदनाम करने के चलते पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से बर्खास्त कर दिया गया है।
इससे पहले विधायक माइसरखाना ने शनिवार (3 अक्टूबर) को ही CM भगवंत मान की अगुआई वाली अपनी पार्टी की सरकार के काम पर सवाल उठाए थे। सोशल मीडिया पर लाइव आकर उन्होंने सरकारी स्कूलों में टीचरों की कमी और स्कूलों का अपग्रेडेशन न होने की बात कही।
माइसरखाना अपने वीडियो में रोते हुए कहा-
मेरे बच्चे खुद सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं। जब उनसे पूछता हूं आज क्या पढ़कर आए? तो वो कहते हैं कि आज टीचर ही नहीं था। प्रिंसिपल उन्हें कहते हैं कि पापा एमएलए हैं, उनसे कहो कि टीचर लाएं। मैं पिट-पिट मर गया, स्कूलां दे हालात नहीं सुधरे। वो जैसे थे, वैसे ही हैं। जब भी अपनी शिकायतों को लेकर सीएम साहब के पास जाता हूं, उनके पास टाइम ही नहीं होता।
विधायक माइसरखाना ने आगे कहा- एजुकेशन क्रान्ति की बात कही जाती है, सरकारी स्कूलों में टीचरों के पद खाली पड़े हैं। लोग और स्कूल मैनेजमेंट लगातार खाली पड़े पदों को भरने की मांग कर रहे, पर आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। मेरी बयानबाजी के बाद अब मेरे खिलाफ पुलिस केस हो सकता है, लेकिन मैं अपने सिद्धांतों से पीछे नहीं हटूंगा और लोगों के मुद्दे उठाता रहूंगा।
पहले पढ़िए वीडियो में AAP विधायक ने क्या कहा था…
स्कूलों में टीचर नहीं, बच्चों की पढ़ाई खराब हो रहीः माइसरखाना ने कहा कि सरकारी स्कूलों में टीचरों के कई पद खाली पड़े हैं। स्कूलों के मैनेजमेंट भी लंबे समय तक खाली पद भरने की मांग करते रहे, लेकिन समस्या बनी रही। मेरे खुद के बच्चे भी सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं, लेकिन उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
बुर्ज साहिमा स्कूल अपग्रेड नहीं हुआ: विधायक ने कहा कि बुर्ज साहिमा गांव के स्कूल ने अपग्रेडेशन के लिए जरूरी शर्तें पूरी कर ली थीं। इसके बावजूद स्कूल को अपग्रेड नहीं किया गया। उन्होंने स्कूल ऑफ एमिनेंस में भी पूरा स्टाफ नहीं होने का मुद्दा उठाया और कहा कि इस संबंध में कई बार मांग कर चुका हूं, लेकिन कुछ नहीं हुआ।
सिसोदिया से फोन पर बात, CM से मिलने की कोशिशः माइसरखाना ने वीडियो में दावा किया- मैंने मनीष सिसोदिया को फोन पर स्कूलों की स्थिति बताई। मैंने मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की कोशिश की, लेकिन बात आगे नहीं बढ़ी। बच्चों की पढ़ाई से ज्यादा जरूरी कुछ नहीं हो सकता।
पार्टी ने मुझे किनारे किया: विधायक ने आरोप लगाया कि पार्टी को जमीनी स्तर पर खड़ा करने के बावजूद उन्हें लगातार किनारे किया गया। उन्होंने कहा कि टिकट नहीं मिलता तो भी उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन लोगों के मुद्दों पर आवाज उठाना बंद नहीं करेंगे।
तरनतारन चुनाव में साजिश: माइसरखाना ने दावा किया कि तरनतारन चुनाव के दौरान उनके खिलाफ साजिश रची गई। उनके मुताबिक उनसे यह तक कहा गया कि अगर उन्हें कुछ हो गया तो उनके परिवार को टिकट दे दिया जाएगा।
बच्चों को राजनीति से दूर रखोंः विधायक ने आगे कहा कि उनकी लड़ाई टिकट या पद के लिए नहीं है। वे सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे बच्चों के लिए आवाज उठा रहे हैं। ॉउन्होंने बच्चों को राजनीति से दूर रखने की बात कहते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार होना चाहिए।
विधायक का सस्पेंशन लेटर…

अब जानिए पार्टी ने क्या आरोप लगाए…
पार्टी विरोधी गतिविधियों पर एक्शन: सुखवीर माइसरखाना को पार्टी विरोधी गतिविधियों, पार्टी के खिलाफ झूठी अफवाह फैलाने और पार्टी की छवि खराब करने के आरोप में पार्टी से सस्पेंड किया गया।
जिस स्कूल का विधायक ने किया जिक्र, वहां 25 शिक्षक: पार्टी की ओर से कहा गया कि विधायक ने जिस स्कूल में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया था, वहां पहले से ही 25 टीचर मौजूद हैं।
-बठिंडा जिले की मौड़ विधानसभा सीट से AAP विधायक सुखवीर सिंह माइसरखाना ने वीडियो जारी कर अपनी पार्टी की ही सरकार पर सवाल उठाए थे।