Thursday, 22 October 2026
Punjab
सरकारी गौशाला में गायों की देखभाल और चारे के पुख्ता प्रबंध किए जाएं: कीमती भगत
फाजिल्का, पंजाब गौ सेवा आयोग के उप चेयरमैन कीमती भगत ने फाजिल्का के जिला प्रबंधकीय परिसर में जिला एवं पुलिस प्रशासन, संबंधित विभागों और विभिन्न गौशालाओं की प्रबंधक कमेटियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में बेसहारा गोवंश की बेहतर देखभाल और उनके रखरखाव को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान गौशालाओं के पदाधिकारियों ने गोवंश की सेवा-संभाल को और बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए। इस मौके पर एडिशनल डिप्टी कमिश्नर विकास जगविंदरजीत सिंह ग्रेवाल, मनजोत खेड़ा दिनेश मोदी, विकी बत्रा और दिनेश खेड़ा भी मौजूद थे।
कीमती भगत ने पिछले समय के दौरान गौशाला में हुई गायों की मौतों पर चिंता जताते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि सरकारी गौशाला में गायों की उचित देखभाल, रखरखाव, दवाइयों, चारे और तूड़ी के पुख्ता प्रबंध किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी भी बेजुबान गोवंश की मौत न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी तरह की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार बेसहारा गोवंश की सेवा-संभाल के लिए प्रतिबद्ध है। सभी संबंधित अधिकारी अपनी ड्यूटी पूरी मेहनत और लगन से निभाएं। उन्होंने विभिन्न गौशालाओं की प्रबंधक कमेटियों की ओर से गोवंश की देखभाल के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की।
उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से राज्य की गौशालाओं के 100 करोड़ रुपये से अधिक के बिजली बिल माफ किए जा चुके हैं। इनमें फाजिल्का जिले की एक गौशाला भी शामिल है। उन्होंने गौशाला संचालकों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने के लिए अपनी गौशालाओं का पंजाब गौ सेवा आयोग के पास पंजीकरण करवाएं, ताकि उन्हें सरकार की ओर से दी जाने वाली सुविधाओं का लाभ मिल सके।
कीमती भगत ने बताया कि पंजाब गौ सेवा आयोग के मुख्य कार्यालय, वन भवन, टावर नंबर-5, छठी मंजिल, सेक्टर-68, एसएएस नगर, मोहाली में सरकारी कर्मचारियों की कमी है। उन्होंने गौ सेवा के इच्छुक लोगों से बिना वेतन स्वयंसेवक के तौर पर सेवा देने की अपील की। इच्छुक लोग आयोग की वेबसाइट pgsc.org.in, ईमेल gausewapunjab@gmail.com या फोन नंबर 0172-2298085 पर संपर्क कर सकते हैं।