Saturday, 17 October 2026
Punjab
श्री महासर माता भक्त मंडल के शारदीय नवरात्रि महोत्सव में लग रही खूब रौनक
श्री महासर माता के भव्य दरबार में भक्तों ने झूमते-गाते हुए श्रद्धापूर्वक भेंट की सुंदर चुनरी
फाजिल्का : महासर वाली दुर्गा मां के पावन शारदीय नवरात्रों के अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री महासर माता भक्त मंडल (रजि.), फाजिल्का की ओर से सेठ गरीबचंद की धर्मशाला में सिद्ध पीठ श्री महासर माता की अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई है और मां का भव्य एवं सुंदर दरबार सजाया गया है।
श्री महासर माता भक्त मंडल के प्रधान सतीश सिंगला, महासचिव अजय गुप्ता, नरेंद्र अग्रवाल, प्रेस सचिव निशांत अग्रवाल, नितिन शर्मा, कोषाध्यक्ष बलराज मित्तल, महिंदर शर्मा और लीलाधर शर्मा आदि ने बताया कि शारदीय नवरात्रों के दौरान आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों के तहत रोजाना सुबह 8 बजे और शाम 8 बजे संध्या आरती की जाती है। दोपहर 12 बजे महिला मंडल की ओर से श्री दुर्गा स्तुति का पाठ किया जाता है।

उन्होंने बताया कि रोजाना अलग-अलग परिवारों के सदस्य मां की आरती करवाते हैं। पांचवें नवरात्र पर सुबह सुरेंद्र अग्रवाल और शाम को एडवोकेट अनिल गुप्ता तथा नरेश मित्तल के परिवारों ने विधिवत पूजन के बाद मां दुर्गा के स्कंदमाता स्वरूप की आरती करवाई और मां को सुंदर चुनरी भेंट की।
मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि जो भी भक्त किसी भी रूप में दान या सेवा करना चाहते हैं अथवा जो परिवार मां की आरती करवाने के इच्छुक हैं, वे मंडल के पदाधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।