फाजिल्का/चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस की ओर से मंगलवार को चंडीगढ़ में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के आवास की ओर किए गए विरोध मार्च में फाजिल्का से कांग्रेस नेता समरबीर सिंह सिद्धू जिला प्रधान हरप्रीत सिंह सिद्धू के नेतृत्व में अपने साथियों सहित शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मामले की निष्पक्ष जांच तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
चंडीगढ़ पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए सेक्टर-15 स्थित पंजाब कांग्रेस भवन के बाहर बैरिकेडिंग की थी। प्रदर्शनकारियों के आगे बढ़ने के प्रयास के दौरान पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान समरबीर सिंह सिद्धू भी वाटर कैनन की चपेट में आ गए।
प्रदर्शन में पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कांग्रेस के अनुसार, पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान बाजवा सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

फाजिल्का से समरबीर सिंह सिद्धू के साथ ब्लॉक कांग्रेस प्रधान एडवोकेट रितेश गगनेजा मनु, देहाती प्रधान अशोक कंबोज, पार्षद भजन लाल और यूथ कांग्रेस प्रधान अंकुज दीप समेत अन्य कार्यकर्ता भी चंडीगढ़ पहुंचे।
कांग्रेस ने गुलजार सिंह की मौत के मामले को लेकर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। पार्टी नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के चलते सेक्टर-15 स्थित कांग्रेस भवन और सेक्टर-15/16 चौक के आसपास कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति रही। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए थे।