Skip to content

फाजिल्का की गली चोधरिया में महाराष्ट्रीयन अंदाज में विराजमान हुए गजानंद महाराज

चाणक्य स्कूल के विद्यार्थियों ने डांडिया की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भक्तिमय गीतों और गणपति बप्पा की जय-जयकार से वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया।

फाजिल्का की गली चोधरिया में महाराष्ट्रीयन अंदाज में विराजमान हुए गजानंद महाराज
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

फाजिल्का, 14 सितंबर। गणेश चतुर्थी के अवसर पर गली चोधरिया स्थित श्री रिद्धि सिद्धि गणेश वेलफेयर सोसाइटी में श्री गणेश उत्सव का श्रद्धा और उल्लास के साथ शुभारंभ हुआ। ढोल-नगाड़ों के बीच गजानंद महाराज का स्वागत किया गया। ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

सोसाइटी के सेवादार राकेश भटेजा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी गणेश उत्सव श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। उत्सव के पहले दिन महाराष्ट्रीयन थीम रखी गई, जिसके तहत गणपति बप्पा को विशेष रूप से सजाकर सोसाइटी परिसर में विधिवत विराजमान किया गया। श्रद्धालुओं ने पीले वस्त्र धारण कर बप्पा का स्वागत किया।

श्री दुर्गियाना मंदिर से निकली शोभायात्रा

सोमवार सुबह करीब 8 बजे सोसाइटी के सेवादार ढोल-नगाड़ों के साथ श्री दुर्गियाना मंदिर पहुंचे, जहां गणपति बप्पा का विधिवत पूजन और स्वागत किया गया। इसके बाद शोभायात्रा श्री दुर्गियाना मंदिर से शुरू होकर मोंगा गली, मलकाना मोहल्ला और फिरनी रोड से होती हुई गली चोधरिया पहुंची।

शोभायात्रा में श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते रहे और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाते रहे। नगर परिषद की नवनियुक्त अध्यक्ष अनीता जैरथ, खुशी फाउंडेशन की अध्यक्ष खुशबू सावनसूखा सवना, पूर्व अध्यक्ष अनील सेठी, समाजसेवी विक्की बत्रा, पवन भटेजा, मनीष कटारिया, अशोक जैरथ और लविश चावला ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर शोभायात्रा को रवाना किया।

चाणक्य स्कूल के विद्यार्थियों ने पेश किया डांडिया

कार्यक्रम में चाणक्य स्कूल के विद्यार्थियों ने डांडिया की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भक्तिमय गीतों और गणपति बप्पा की जय-जयकार से वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया।

सोसाइटी के पदाधिकारियों के अनुसार, श्री गणपति उत्सव 14 सितंबर से 25 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम करवाए जाएंगे। कार्यक्रम में चांद गुप्ता, बबलू गोकलानी, चांद चंदेलीर, अनील जैन, शिवो भटेजा और चंदर खुराना सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।