फाजिल्का। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा नेता सुरजीत कुमार ज्याणी के कथित विवादित बयान को लेकर फाजिल्का की राजनीति में घमासान तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी नेता एवं जिला परिषद मेंबर वं सरपंच यूनियन फाजिल्का के अध्यक्ष संदीप सिंह भट्टी ने ज्याणी के बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
भट्टी ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं के शब्दों की अपनी जिम्मेदारी होती है। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन बयानबाजी में मर्यादा कायम रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि ज्याणी के बयान से किसी वर्ग अथवा लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
“राजनीति में विरोध हो सकता है, लेकिन मर्यादा नहीं टूटनी चाहिए”
संदीप सिंह भट्टी ने कहा कि जनता नेताओं के बयानों को गंभीरता से लेती है। ऐसे में किसी भी राजनीतिक व्यक्ति द्वारा दिया गया विवादित बयान केवल व्यक्तिगत मामला नहीं रह जाता। उन्होंने ज्याणी से सवाल किया कि अगर उनका बयान गलत समझा गया है तो वह स्पष्ट करें और यदि बयान से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं तो माफी मांगने में उन्हें कोई संकोच नहीं होना चाहिए।
कथित विवादित बयान को लेकर माफी मांगने की मांग के बाद ज्याणी ने अपना पक्ष सामने रखा
सुरजीत कुमार ज्याणी ने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी भी महिला के संबंध में ऐसा कोई बयान नहीं दिया था। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा कही गई बात एक पुरुष के संदर्भ में थी और उसे महिला से जोड़कर पेश किया जा रहा है।उनका उद्देश्य किसी महिला के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करना नहीं था।
ज्याणी ने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है, जिसके कारण विवाद पैदा हुआ। उन्होंने कहा कि उनके कथन का वास्तविक संदर्भ समझे बिना उसे अलग अर्थ में प्रस्तुत किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी महिला के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करना नहीं था। ज्याणी ने कहा कि उनके बयान को उसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए, जिसमें उन्होंने यह बात कही थी।