Skip to content

Fazilka News-फाजिल्का में वर्कशॉप में धमाका, लोहे की वस्तु पर काम करते समय दुकानदार गंभीर घायल

मलोट चौक में हादसा; प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बठिंडा रेफर

Fazilka News-फाजिल्का में वर्कशॉप में धमाका, लोहे की वस्तु पर काम करते समय दुकानदार गंभीर घायल
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

फाजिल्का। मलोट चौक स्थित सदर थाना के नजदीक एक वर्कशॉप में काम करते समय अचानक धमाका हो गया। हादसे में वर्कशॉप संचालक सतनाम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके एक हाथ को गंभीर क्षति पहुंची है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स बठिंडा रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, सतनाम सिंह अपनी वर्कशॉप में एक लोहे की वस्तु पर काम कर रहे थे। इसी दौरान जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत फाजिल्का के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।

घायल के चचेरे भाई सुखविंदर सिंह ने बताया कि कुछ लोग वर्कशॉप में लोहे का सामान देकर गए थे। सतनाम सिंह उस सामान में सुराख कर रहे थे कि अचानक धमाका हो गया। घटना में उनका हाथ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।

मौके पर मौजूद विनोद कुमार ने बताया कि वह दुकान के सामने टैक्सी स्टैंड पर खड़े थे। उन्होंने अचानक तेज धमाके की आवाज सुनी। कुछ देर बाद सतनाम सिंह दुकान से बाहर आए तो उनका हाथ बुरी तरह घायल था। इसके बाद स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

सरकारी अस्पताल में तैनात डॉक्टर करन ने बताया कि घायल को गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें आगे के उपचार के लिए एम्स बठिंडा रेफर कर दिया गया।

वर्कशॉप में धमाका किस कारण हुआ और जिस वस्तु पर काम किया जा रहा था उसमें क्या था, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना पुलिस को भी दी जा रही है।