फाजिल्का। गांव करनी खेड़ा में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का उत्साह उस समय और बढ़ गया, जब सरपंच यूनियन फाजिल्का के प्रधान संदीप भट्टी विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनके प्रदर्शन की सराहना की, उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और टूर्नामेंट के आयोजन हेतु सहायता राशि भेंट की।
इस अवसर पर कहा गया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान प्रदेश के युवाओं को खेलों से जोड़ने पर निरंतर जोर दे रहे हैं। इसी सोच के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है। गांवों में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जिन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन मिलने पर वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
संदीप भट्टी ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना आज की बड़ी जरूरत है और खेल इसके लिए सबसे प्रभावी माध्यम हैं। खेल मैदान युवाओं में अनुशासन, मेहनत, प्रतिस्पर्धा और टीम भावना विकसित करते हैं। ऐसे टूर्नामेंट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ-साथ पूरे गांव में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण भी तैयार करते हैं।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग जारी रखा जाएगा। ग्रामीण स्तर पर होने वाले खेल आयोजनों को प्रोत्साहन मिलने से नई प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिलेगा।
टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ मुकाबलों में भाग लिया। आयोजकों और स्थानीय लोगों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा क्षेत्र में खेल संस्कृति को और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।