Skip to content

गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में 15 से 18 सितंबर तक राज्य स्तरीय वुशु टूर्नामेंट

गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में 15 से 18 सितंबर तक राज्य स्तरीय वुशु टूर्नामेंट
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

पंजाब भर से अंडर-17 आयु वर्ग के सैकड़ों खिलाड़ी लेंगे हिस्सा, स्कूल प्रबंधन ने तैयारियां कीं तेज

फाजिल्का: गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में 15 से 18 सितंबर तक राज्य स्तरीय वुशु टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता की मेजबानी गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू को मिलना स्कूल के साथ-साथ फाजिल्का जिले के लिए भी गौरव की बात है।

प्रतियोगिता में पंजाब के विभिन्न जिलों के स्कूलों से 17 वर्ष से कम आयु वर्ग के लड़के और लड़कियां हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता को लेकर स्कूल प्रबंधन की ओर से तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं।

15 और 16 सितंबर को लड़कियों के मुकाबले

विद्यालय के शारीरिक शिक्षा अध्यापक मोहित सर ने बताया कि पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से अंडर-17 आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि 15 और 16 सितंबर को लड़कियों के वुशु मुकाबले करवाए जाएंगे। वहीं 16 सितंबर दोपहर से 17 सितंबर तक लड़कों के मुकाबले आयोजित होंगे। प्रतियोगिता के अंतिम दिन 18 सितंबर को सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पंजाब भर से खिलाड़ियों का इतने बड़े स्तर पर स्कूल में पहुंचना गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू के लिए गर्व का विषय है।

खिलाड़ियों को उचित मंच देना जरूरी : लखविंद्र कौर बराड़

स्कूल की मैनेजिंग कमेटी सदस्य मैडम लखविंद्र कौर बराड़ ने कहा कि विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच और अवसर उपलब्ध करवाने की है।

उन्होंने कहा कि गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू को राज्य स्तरीय वुशु टूर्नामेंट की मेजबानी मिलना पूरे स्कूल परिवार और क्षेत्र के लिए बेहद गर्व की बात है। पंजाब के अलग-अलग हिस्सों से खिलाड़ियों का स्कूल में पहुंचना विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक रहेगा।

उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने और विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

खेलों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास : मनिंद्र सिंह सरां

मैनेजिंग कमेटी सदस्य एडवोकेट मनिंद्र सिंह सरां ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना जैसे गुण विकसित होते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पंजाब भर से खिलाड़ियों का हिस्सा लेना गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा के दम पर नई पहचान बनाने में सफल होंगे।

पढ़ाई के साथ खेलों को भी बढ़ावा दे रहा स्कूल : प्रिंसिपल

विद्यालय के प्रिंसिपल अभिलेख शर्मा ने कहा कि स्कूल प्रबंधन विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय वुशु प्रतियोगिता की मेजबानी स्कूल के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ मुकाबलों में भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करने की अपील की।

फाजिल्का के लिए भी गौरव का अवसर

राज्य स्तरीय वुशु टूर्नामेंट की मेजबानी मिलने से गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू को प्रदेश स्तर पर अपनी खेल सुविधाओं और आयोजन क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। वहीं, पंजाब के विभिन्न जिलों से खिलाड़ियों और खेल प्रतिनिधियों के पहुंचने से फाजिल्का जिले के लिए भी यह आयोजन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।