Skip to content

गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में हिंदी दिवस पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

कविता पाठ, भाषण, मीरा के पद, कबीर के दोहे और गीतों से सजा कार्यक्रम

गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में हिंदी दिवस पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

फाजिल्का। गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में हिंदी दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान और जागरूकता की भावना विकसित करना था। आयोजन मैनेजिंग कमेटी सदस्य मैडम लखविंद्र कौर बराड़ की अगुवाई में हुआ।

अध्यापक प्रेम पांडेय ने बताया कि विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक कविता पाठ, भाषण, मीरा के पद, कबीर के दोहे और गीतों के माध्यम से हिंदी की समृद्ध साहित्यिक परंपरा को प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में वेदांश, करण, नितिया शर्मा, आरजू, सानिया और पारुल ने कविता पाठ किया। जक्शदीप और अरनव ने हिंदी भाषा के महत्व पर भाषण दिए। श्रेया, सुखमन और कशिश ने मीरा के पदों की प्रस्तुति से वातावरण को भक्तिमय बनाया। ग़ज़ल ने कबीर के दोहे सुनाए, जबकि यश्वी, निधि, प्रभलीन और मेहक ने गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में रंग भर दिया।

मैनेजिंग कमेटी सदस्य मैडम लखविंद्र कौर बराड़ ने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कृति, साहित्य और भावनाओं की अभिव्यक्ति की समृद्ध भाषा है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को हिंदी साहित्य से जोड़ना समय की आवश्यकता है। ऐसे आयोजन बच्चों में भाषा के प्रति सम्मान बढ़ाते हैं और उनकी छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं।

मैनेजिंग कमेटी सदस्य एडवोकेट मनिंद्र सिंह सरां ने कहा कि हिंदी दिवस का उद्देश्य विद्यार्थियों को भाषा और साहित्य के महत्व से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि हिंदी ने देश के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को आपस में जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रधानाचार्य अभिलेख शर्मा ने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम भाषा कौशल, आत्मविश्वास और मंच पर अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करते हैं।

कार्यक्रम का मंच संचालन विद्यार्थी सुखमन ने किया। आयोजन को सफल बनाने में अध्यापक प्रेम पांडेय, रजत, अनीता, पूजा सहगल और समस्त स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।