फाजिल्का। सर्व हितकारी विद्या मंदिर, फाजिल्का के छात्र मेहताब सिंह ने तीरंदाजी में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। बल्लूआना में आयोजित जिला स्कूल टूर्नामेंट में मेहताब ने अंडर-14 वर्ग की तीरंदाजी प्रतियोगिता में 20 मीटर दूरी से सटीक निशाने लगाते हुए स्टेट लेवल प्रतियोगिता के लिए स्थान हासिल किया।
कम उम्र में मेहताब सिंह की इस उपलब्धि से विद्यालय प्रबंधन, अध्यापकों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद अब मेहताब राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
विद्यालय की प्रबंधक समिति और प्रधानाचार्य श्रीमती मधु शर्मा ने मेहताब सिंह तथा उनके अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी स्टेट लेवल चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं।