फाजिल्का: फाजिल्का की पुरानी सब्जी मंडी में आयोजित डबल विकेट क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान क्रिकेट का रोमांच चरम पर देखने को मिला। मैदान में उतरे खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए चौकों-छक्कों की बरसात से दर्शकों में जोश भर दिया। मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ खेल प्रेमियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
टूर्नामेंट में पूजा लूथरा सचदेवा और बंटी सचदेव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, मेहनत और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।
मुख्य अतिथियों ने कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से स्थानीय स्तर पर छिपी प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिलता है। युवाओं को खेलों से जोड़कर उन्हें सकारात्मक दिशा दी जा सकती है। उन्होंने आयोजकों को इस प्रकार के टूर्नामेंट निरंतर करवाने के लिए प्रोत्साहित किया।
मैदान पर मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह रहा, वहीं दर्शकों ने भी तालियों और हौसला-अफजाई से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। पूरे आयोजन के दौरान खेल भावना और प्रतिस्पर्धा का शानदार नजारा देखने को मिला।
इस अवसर पर टूर्नामेंट के आयोजकों, खिलाड़ी, खेल प्रेमी तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।