फाजिल्का। करण गिलहोत्रा फाउंडेशन की ओर से नवरात्रों के पावन अवसर पर फाजिल्का की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए आयोजित की जा रही महांमाई की चौकी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चौकी में पंजाबी भजन गायक रोशन प्रिंस मां भगवती का गुणगान करेंगे। फाउंडेशन के संस्थापक एवं समाजसेवी करण गिलहोत्रा ने शहरवासियों से इस धार्मिक आयोजन में परिवार सहित शामिल होकर मां का आशीर्वाद लेने की अपील की है।
करण गिलहोत्रा ने बताया कि चौकी का आयोजन पुरानी सब्जी मंडी, फाजिल्का में किया जाएगा। उन्होंने धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं, व्यापारियों, मजदूरों, स्कूलों और विभिन्न संगठनों से अपील की कि वे शाम 7 बजे कार्यक्रम में पहुंचकर मां भगवती के भजन-कीर्तन का आनंद लें और सामूहिक रूप से शहर की सुख-शांति एवं खुशहाली की कामना करें।
बारिश से हुए नुकसान की भरपाई के लिए होगी सामूहिक अरदास
करण गिलहोत्रा ने कहा कि हाल ही में फाजिल्का में हुई भारी बारिश के कारण शहर और आसपास के क्षेत्रों में हुए नुकसान से लोग प्रभावित हुए हैं। ऐसे में महांमाई की चौकी के दौरान मां भगवती के चरणों में सामूहिक अरदास की जाएगी कि प्रभावित लोगों को जल्द राहत मिले और फाजिल्का में सुख-शांति एवं समृद्धि बनी रहे।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी व्यक्तिगत उद्देश्य के लिए नहीं, बल्कि पूरे फाजिल्का शहर के हित और खुशहाली की कामना के लिए करवाया जा रहा है।
चौकी में कोई वीआईपी नहीं, सभी श्रद्धालु होंगे समान
करण गिलहोत्रा ने स्पष्ट किया कि महांमाई की चौकी में कोई वीआईपी नहीं होगा। सभी श्रद्धालु समान रूप से मां के चरणों में बैठकर भजन-कीर्तन का आनंद लेंगे। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य लोगों को आपस में जोड़ना, श्रद्धा की भावना मजबूत करना और समाज में भाईचारे का संदेश देना है।
उन्होंने फाजिल्का के सभी निवासियों से अपील की कि वे अपने परिवार सहित चौकी में शामिल होकर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करें और शहर की सुख-समृद्धि के लिए की जाने वाली सामूहिक अरदास में भाग लें।