फाजिल्का,जन सेवा सोसायटी की ओर से पुराने सरकारी अस्पताल में रक्तदान कैंप लगाया गया। कैंप में 62 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। सोसायटी के प्रधान रमन सेतिया, सचिव आकाश डोडा और कोषाध्यक्ष सुनील डे ने बताया कि सोसायटी का यह छठा रक्तदान कैंप था। अब तक आयोजित छह कैंपों में 266 यूनिट रक्तदान करवाया जा चुका है।
अच्छे काम की शुरुआत खुद से करने की बात को सार्थक करते हुए सोसायटी सदस्य सुनील डे, राजीव कुक्कड़, अनूप ग्रोवर और विजय धींगड़ा ने स्वयं रक्तदान कर कैंप की शुरुआत की। इस अवसर पर सरपंच यूनियन के प्रधान संदीप सिंह भट्टी ने भी साथियों सहित रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है। सभी स्वस्थ व्यक्तियों को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए।
कैंप में रक्तदानी एवं अध्यापक शमशेर सिंह ने दृष्टिबाधित होने के बावजूद रक्तदान किया। रक्तदानी राहुल ने अपने जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान किया। वहीं रक्तदानी गौरव ने एबी नेगेटिव रक्तदान कर इस दुर्लभ रक्त समूह की कमी को पूरा किया, क्योंकि ब्लड बैंक के स्टॉक में एबी नेगेटिव रक्त उपलब्ध नहीं था। रक्तदानी राजेश सिडाना ने अपने बेटे के साथ रक्तदान किया।
प्रधान रमन सेतिया ने बताया कि फाजिल्का ब्लड बैंक में रोजाना करीब 20 से 25 यूनिट रक्त की मांग रहती है। रक्त की कमी को पूरा करने के उद्देश्य से यह कैंप लगाया गया है। जरूरत के अनुसार भविष्य में भी रक्तदान कैंप आयोजित किए जाएंगे।
रक्त एकत्रित करने में डॉ. मनीष, टेक्नीशियन रंजु गिरधर व रजनीश चलाना, काउंसलर राज सिंह, वार्ड अटेंडेंट रणजीत, गिरधारी सिलाग और गौरव ने सहयोग किया। सभी रक्तदानियों को सर्टिफिकेट और उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सोसायटी सदस्य संदीप सचदेवा, अशोक कटारिया, राजीव कुक्कड़, अजय धींगड़ा, पवन बब्बर, रमेश कुमार, अशोक जांगिड़, बंटी बावा, प्रदीप गुप्ता, राजीव कुकरेजा, सुमन कुक्कड़, समर्थ देव, नीलम सचदेवा, राधा वर्मा, ज्योति मक्कड़, आशा डोडा और कंवल लूना मौजूद रहे।