फाजिल्का: अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के उपलक्ष्य में ज्योति बी.एड. कॉलेज, रामपुरा में उल्लास गतिविधि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का विषय “लोगों, धरती और समृद्धि के लिए साक्षरता” रहा।
एससीईआरटी के निर्देशों के अनुसार यह अभियान 1 सितंबर से 14 सितंबर 2026 तक चलाया जा रहा है। इसके तहत कॉलेज परिसर में साक्षरता, शिक्षा और सामाजिक विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम का संचालन एवं देखरेख श्री पंकज कुमार और श्री गुरसेवक सिंह के निर्देशन में की गई। डी.एल.एड. के विद्यार्थियों ने पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में अनमोलप्रीत सिंह, निशा रानी, बिंदू, डिम्पल सैंबी, गुरप्रीत सिंह और नवप्रीत कौर ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उल्लास गतिविधि कार्यक्रम के अंतर्गत कॉलेज की ओर से एक जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली ज्योति बी.एड. कॉलेज से आरंभ होकर गांव रामपुरा तक पहुंची और बाद में वापस कॉलेज परिसर में संपन्न हुई।
रैली में कॉलेज के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने लोगों को साक्षरता के महत्व से अवगत कराया और शिक्षा को समाज के विकास का आधार बताया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने संदेश दिया कि साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोगों को जागरूक, आत्मनिर्भर और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का माध्यम भी है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में शिक्षा, साक्षरता और सामाजिक विकास के प्रति व्यापक जागरूकता पैदा करना रहा।