Skip to content

नशा मुक्त पंजाब यात्रा सामाजिक सुधार का अभियान: अर्जुन मेघवाल

प्रदेश में नशे से कम और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की अधिक मौतें होने लगी हैं। उन्होंने इस स्थिति को चिंताजनक बताते हुए नशे के नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

नशा मुक्त पंजाब यात्रा सामाजिक सुधार का अभियान: अर्जुन मेघवाल
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper
-भाजपा की नशा मुक्त यात्रा ने सरकार को परेशान कर दिया है — ढिल्लों
-नशे से कम, नशे के खिलाफ बोलने वालों की ज्यादा मौतें होने लगी हैं — जाखड़
-नशा मुक्त पंजाब अभियान की तीसरी यात्रा को आसफवाला शहीदी स्मारक से रवाना किया गया
 
*फाजिल्का, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल ने पंजाब भारतीय जनता पार्टी की नशा मुक्त पंजाब यात्रा को सामाजिक सुधार की मुहिम करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य पंजाब की पीढ़ियों को नशे से बचाना और पंजाब को विकसित पंजाब बनाने की दिशा में आगे ले जाना है। वह नशा मुक्त पंजाब अभियान की तीसरी यात्रा को रवाना करने से पहले फाजिल्का की पुरानी सब्जी मंडी में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
 
अपने संबोधन से पहले वह आसफवाला शहीदी स्मारक पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रीय महामंत्री व पंजाब भाजपा मामलों के प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और पूर्व मंत्री सुरजीत जियाणी के साथ सैन्य शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
 
अभियान को राजनीतिक चश्मे से न देखें
नशा मुक्त पंजाब अभियान की तीसरी यात्रा को हरी झंडी दिखाने से पहले सभा को संबोधित करते हुए मेघवाल ने कहा कि कुछ लोग इस यात्रा को राजनीतिक चश्मे से देख रहे हैं, लेकिन यह राजनीतिक नहीं बल्कि सामाजिक सुधार का अभियान है। उन्होंने कहा कि भाजपा और नरेंद्र मोदी सरकार, सरकारी कार्यक्रम तो चलाती ही है, लेकिन साथ ही सामाजिक सुधार के कार्यक्रम भी चलाती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसी सामाजिक मुहिमों का भी उल्लेख किया।
 
 
भाषण के दौरान मंत्री ने किया शबद गायन
नशे के दुष्प्रभावों की चर्चा करते हुए केंद्रीय कानून मंत्री ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब में गुरु अमरदास जी की बाणी का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस चीज के सेवन से मनुष्य की बुद्धि और विवेक प्रभावित होता है, उससे बचना चाहिए।
उन्होंने गुरु नानक देव जी की बाणी में नाम जपने के महत्व का भी उल्लेख करते हुए कहा कि नाम तभी जपा जा सकता है, जब व्यक्ति का विवेक ठीक रहे। इसी कारण नशे से दूर रहने पर जोर दिया जाता है।
अपने भाषण के दौरान अर्जुन मेघवाल ने गुरु नानक देव जी का शबद गाकर संगत को भी निहाल किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ चेतना का संदेश गुरु साहिबान, भगत कबीर दास जी और गुरु रविदास जी की बाणी में भी मिलता है।उन्होंने कहा कि नशा मुक्त पंजाब की मुहिम को सामाजिक और आध्यात्मिक चेतना से जोड़कर ही लोगों को इसके दुष्प्रभावों से बचने के लिए प्रेरित किया जा सकता है। यही भारतीय जनता पार्टी की नशा मुक्त यात्रा का उद्देश्य है।
 
यात्रा से सरकार में मची खलबली — केवल सिंह ढिल्लों
इस अवसर पर बोलते हुए पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा, “जिन्होंने नशे का कोढ़ फैलाया था, उन्हें भाजपा की नशा मुक्त पंजाब यात्रा ने परेशान कर दिया है। इस यात्रा ने मुख्यमंत्री को भी हिला दिया है।”
संगरूर में पिछले दिनों हुए मोहनजीत शोरों और गुलजार कांड का हवाला देते हुए ढिल्लों ने कहा कि सरकार नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को दबा रही है। उन्होंने कहा कि लोग इतने परेशान हो गए हैं कि फरीदकोट में लोग अपने घरों के बाहर ‘घर बिकाऊ है’ के बोर्ड लगा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अगर भाजपा उत्तर प्रदेश से गैंगस्टरवाद, झारखंड से नक्सलवाद और कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर हिंसा को खत्म कर सकती है, तो पंजाब से नशा क्यों नहीं खत्म कर सकती। उन्होंने कहा कि भाजपा का ट्रैक रिकॉर्ड है और वह जो कहती है, उसे करके दिखाती है।
उन्होंने कहा कि हम यहां राजनीतिक बातें करने नहीं आए हैं, बल्कि नशे के खिलाफ सभी को मिलकर प्रयास करने का आह्वान करने आए हैं।
 
 
नशे के खिलाफ बोलने वालों की मौतें — जाखड़
पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि अब तक नशे के कारण ही मौतें हो रही थीं, लेकिन आज नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की भी ज्यादा मौतें होने लगी हैं। किसी को नशा तस्कर मार देता है, तो किसी को सवाल पूछने के आरोप में आत्महत्या करने के लिए मजबूर कर दिया जाता है।
 
अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोलते हुए जाखड़ ने कहा कि 79 हजार लोगों की जो गिरफ्तारियां की गई हैं, वह केजरीवाल की बहादुरी नहीं, बल्कि नशे में युवाओं को डुबोने के सबूत हैं।
 
उन्होंने कहा कि वह केजरीवाल का नाम इसलिए ले रहे हैं क्योंकि मुख्यमंत्री भगवंत मान नहीं, बल्कि केजरीवाल और उनकी ‘गैंग’ ही सब कुछ चला रही है। भगवंत मान ने तो पंजाब की पगड़ी ही उछाल दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि नशा अब सीमा पार से कम और पंजाब में बैठी ‘केजरीवाल गैंग’ द्वारा ज्यादा बेचा जा रहा है।
 
चोर और चौकीदार को पहचानना होगा — मनप्रीत बादल
इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल ने कहा कि यदि नशे के कारण पंजाब कमजोर रह गया तो भारत विकसित भारत नहीं बन सकता। इसलिए भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब से नशा खत्म करने का संकल्प लिया है।
उन्होंने कहा कि एक दिन पंजाब से नशा खत्म होगा और गरीबी भी खत्म होगी, लेकिन इसके लिए चोर और चौकीदार की पहचान करनी होगी।
इस अवसर पर एडवोकेट एच. एस. फूलका, अबोहर से विधायक संदीप जाखड़, पंजाब के पूर्व मंत्री सुरजीत कुमार जियाणी, नशा मुक्त पंजाब यात्राओं के प्रदेश प्रभारी राजेश बाघा, महासचिव जीवन गर्ग, फाजिल्का यात्रा के कोऑर्डनैटर अमरजीत अमरी, पूर्व लोकसभा सदस्य जगमीत सिंह बराड़, पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष चरणजीत सिंह अटवाल, फाजिल्का के जिला अध्यक्ष काका कंबोज, प्रदेश सचिव रंजन कामरा, वंदना सांगवान, मोना जैसवाल, राकेश असीजा और सुबोध वर्मा सहित 8 जिलों के जिला अध्यक्ष भी उपस्थित थे।