फाजिल्का। श्री गणेश उत्सव के पावन अवसर पर स्थानीय चौधरी गली, फाजिल्का स्थित श्री गणेश उत्सव पंडाल में 251 यूनिट रक्तदान किया गया। रक्तदान शिविर का आयोजन फाजिल्का की रक्तदान के क्षेत्र में अग्रणी संस्था श्री राम कृपा सेवा संघ वेलफेयर सोसाइटी, फाजिल्का, मैथ मेड ईजी के चेतन सेतिया, लायंस क्लब फाजिल्का तथा श्री रिद्धि-सिद्धि गणेश वेलफेयर सोसाइटी फाजिल्का के सहयोग से किया गया। शिविर में फाजिल्का एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवाओं और रक्तदानियों ने पहुंचकर रक्तदान किया। इस अवसर पर विधायक सरदार नरेंद्रपाल सिंह सवना एवं मैडम खुशबू सवना विशेष तौर पर पहुंचे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया तथा श्री राम कृपा सेवा संघ वेलफेयर सोसाइटी द्वारा रक्तदान के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा लगातार रक्तदान शिविर आयोजित कर जरूरतमंद मरीजों तक रक्त पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है। संस्था का प्रयास है कि ब्लड बैंक में हर ग्रुप के रक्त का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रहे, ताकि आवश्यकता के समय किसी मरीज को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर Math Made Easy के चेतन सेतिया जी एव उनकी टीम द्वारा सभी रक्तदाताओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें भविष्य में भी निरंतर रक्तदान करते रहने के लिए प्रेरित किया गया। सभी रक्तदाताओं को विशेष तौर पर मेडल एवं पॉली बैग देकर भी सम्मानित किया गया।
संस्था के ब्लड कैंप प्रभारी राजीव कुकरेजा, नीरज खोसला, मनोज अरोड़ा, राघव नांगपाल, गिरधारी सिलग, जसवंत प्रजापति, किरण प्रभा, नेहा ग्रोवर, अमित ग्रोवर, अंकुश ग्रोवर, नीरज ठकराल, परमजीत सिंह एवं सुखविदर बराड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं। चौधरिया गली स्थित श्री गणेश उत्सव के अवसर पर आयोजित यह नौवां रक्तदान शिविर था। उन्होंने बताया कि इस परंपरा की शुरुआत वर्ष 2017 में रक्तदान शिविर से हुई थी और इसके बाद लगातार श्री गणेश उत्सव के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
संस्था के सदस्यों ने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य ब्लड बैंक में सभी रक्त समूहों की उपलब्धता बनाए रखना है, ताकि थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों, कैंसर मरीजों, एनीमिया मरीजों तथा अन्य जरूरतमंद मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर आसानी से रक्त उपलब्ध हो सके। इसी उद्देश्य से संस्था द्वारा वर्षभर समय-समय पर रक्तदान शिविर लगाए जाते हैं। शिविर के अंत में श्री रिद्धि-सिद्धि गणेश वेलफेयर सोसाइटी के राकेश भ1ठेजा, चांद गुप्ता एवं उनकी टीम द्वारा सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही रक्तदान शिविर की टीम को स्मृति चिन्ह भेंट सम्मानित किया गया। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी रक्तदान शिविर 4 अक्टूबर को फाजिल्का स्थित श्री राम शरणम आश्रम में पेस्टिसाइड एसोसिएशन फाजिल्का के सहयोग से आयोजित किया जाएगा।