फाजिल्का, 10 सितंबर: श्री राम संकीर्तन मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के बाद भगवान श्री कृष्ण के जन्म की छठी रात के उपलक्ष्य में छठी महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान श्री कृष्ण के दरबार में नतमस्तक होकर आशीर्वाद लिया।
देर रात तक मंदिर परिसर भजनों और संकीर्तन से भक्तिमय बना रहा। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सतपाल उबवेजा और चेयरमैन रमेश सेठी ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी श्री कृष्ण जन्माष्टमी के उपरांत छठी महोत्सव का आयोजन किया गया।
इस विशेष अवसर पर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनियों और गुब्बारों से सजाया गया। कान्हा जी के दरबार को भी विशेष रूप से आकर्षक रूप दिया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर के पुजारी राजेश शर्मा, चिमन लाल शर्मा और दिनेश शर्मा द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ पूजन करवाकर की गई। इसके बाद रात 8 बजे श्री सुंदरकांड महिला समिति की ओर से भगवान श्री कृष्ण के भजनों का गायन शुरू हुआ।
रात 8 बजे से साढ़े 10 बजे तक चले संकीर्तन में श्रद्धालु भजनों पर भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। संकीर्तन के समापन पर राधा-कृष्ण जी की सामूहिक आरती उतारी गई और भगवान को भोग लगाया गया।
श्रद्धालुओं ने सामूहिक आरती में भाग लेकर सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। आयोजन को सफल बनाने में श्री राम संकीर्तन मंदिर कमेटी के सभी सदस्यों ने सहयोग दिया।